धन के बारे में बात करते ही हमारे मन में गहने, रुपये पैसे जमीन-जायदाद की धारणा आती है। पर व्यापक अर्थ में धन वह साधन है जिससे हमें आनंद, शांति एवं संतोष प्राप्त होता है।
धन आठ प्रकार के होते हैं एवं प्रत्येक व्यक्ति में ये 8 प्रकार के धन की कुछ मात्रा अवश्य होती है। अगर हम इनका सम्मान करते हैं तो इनकी मात्रा बढ़ती है और अवहेलना करने पर हमारे जीवन में इनका अभाव होता है।
आठ प्रकार के धन को प्राप्त करने के लिए माता लक्ष्मी के 8 रूपों की पूजा अर्चना की जाती है।
माता लक्ष्मी के आठ रूप हैं:
1) आदि लक्ष्मी
2) धन लक्ष्मी
3) धान्य लक्ष्मी
4) गज लक्ष्मी
5) संतान लक्ष्मी
6) वीरा लक्ष्मी
7) विद्या लक्ष्मी
8) विजया लक्ष्मी
1) आदि लक्ष्मी:
लक्ष्मी शब्द संस्कृत के लक्ष्य धातु से आया है, जिसके 3 अर्थ हैं:
समझना, जानना, तथा उद्देश्य
आदि लक्ष्मी व्यक्ति को उसके जीवन के लक्ष्य तक पहुँचने के लिए सहायता करती हैं, अर्थात् मोक्ष प्राप्त करने में सहायता करती हैं। इसलिए माता लक्ष्मी के इस रूप को मोक्ष प्रदायिनी भी कहते हैं।
आदि लक्ष्मी दया एवं स्नेह की देवी हैं, एवं हमेशा उन लोगों की सहायता करती हैं जो पूर्ण हृदय से अपने जीवन के मूल उद्देश्य, अर्थात्– ईश्वर के साथ एकाकार होने के लिए परिश्रम करते रहते हैं।
माता आदि लक्ष्मी को स्वर्ण गहनों से सुसज्जित, कमल के फूल पर आसीन, चार हाथों के साथ दिखाया जाता है।
2) धन लक्ष्मी:
धन केवल रुपये-पैसे-सोना इत्यादि से सम्बन्धित नहीं होता है, बल्कि कुछ गुणों को भी चिन्हित करता है, जैसे —
दृढ़ इच्छाशक्ति (willpower),
सामर्थ्य (strength), साहस (courage), एवं
दृढ़-निश्चय (determination)
वास्तव में धन लक्ष्मी उन लोगों को धन-संपत्ति के द्वारा सहायता करती हैं, जो स्वयं में अच्छे संस्कार एवं गुणों का विकास करने के लिए हमेशा परिश्रम करते रहते हैं।
धन लक्ष्मी माता सभी लोकों के धन की संग्रहालय समान हैं, और उन लोगों की क्षमता को बढ़ाने में मदद करती हैं जो सतत अपने मस्तिष्क पर विजय पाने, एवं सभी कठिनाइयों को पार करते हुए दूसरों की सहायता करने के लिए सदा प्रयासरत रहते हैं। कमल के पुष्प पर आसीन माता लक्ष्मी के इस रूप को 6 हाथों के साथ दर्शाया जाता है।
3) धान्य लक्ष्मी:
हमारे जीवन-संचालन के लिए भोजन परम आवश्यक है। अतः माता धान्य लक्ष्मी के वो भक्त, जो जरूरतमंदों को भोजन एवं अन्नदान करते हैं, उन्हें माता सौभाग्य एवं कृषि धन या अन्न की प्रचुरता का आशीर्वाद देती हैं।
चाहे अमीर हो या गरीब, जो भोजन तथा अन्न का आदर न करे, या प्रकृति माता के प्रति, प्राकृतिक वस्तुओं एवं उनके सौंदर्य के प्रति कृतज्ञ न हो, उन्हें माता धान्य लक्ष्मी की कृपा नहीं प्राप्त हो सकती।
माता धान्य लक्ष्मी को आठ हाथों के साथ, हरे वस्त्र में एक गुलाबी कमल पर विराजित प्रदर्शित किया जाता है क्योंकि हरा रंग हरित कृषि, उन्नति, नवीनीकरण (freshness & renewal) का प्रतीक है।
4) गज लक्ष्मी:
माता गज लक्ष्मी अपने भक्तों को पशुधन का वरदान देती है। विशेष रूप से किसानों के लिए इनकी पूजा अर्चना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि उन्हें गाय, बकरियों से दूध मिलता है एवं बैलों से वे बहुत काम करवाते हैं।
गज का अर्थ है हाथी जो शक्ति एवं राजत्व/राजसी वैभव (royalty) या स्वामित्व का प्रतीक है। पुराने जमाने में हाथी का प्रयोग बहुत अधिक मात्रा में राजाओं द्वारा युद्धक्षेत्र में किया जाता था। अतः उनके लिए गज लक्ष्मी का आशीर्वाद अत्यंत आवश्यक होता था।
आज के सन्दर्भ में भी हमें गज लक्ष्मी माता की पूजा करनी चाहिए क्योंकि दुनिया में कितना ही बदलाव आ जाये, पर गाय एवं अन्य पशुओं की उपयोगिता हमेशा रहेगी। गज लक्ष्मी माता को प्रसन्न करने के लिए हमें माता की पूजा के साथ ही पशुओं की सम्मान व प्रेम पूर्ण भाव से देखभाल करनी चाहिए।
5) संतान लक्ष्मी:
संतान लक्ष्मी की पूजा अर्चना करने से संतान प्राप्ति होती है। जिनके पास संतान है वे अगर संतान लक्ष्मी की पूजा करें तो उनके संतान योग्य बनते हैं, जो माता-पिता का सम्मान एवं देखभाल करते हैं।
माता संतान लक्ष्मी को स्वर्ण गहनों से सुसज्जित, एक कमल के पुष्प पर आसीन, 6 हाथों के साथ दर्शाया जाता है। माँ के दो हाथों में पानी का कलश, एक हाथ में ढाल तथा एक हाथ में तलवार, एक हाथ द्वारा एक बच्चे को पकड़ी हुई, और एक हाथ अभयमुद्रा में होता है।
माता संतान लक्ष्मी विशेष रूप से उन भक्तों को आशीर्वाद देती हैं जो अभिभावकता (Parenthood) को एक पवित्र धर्म मानते हैं और अपने बच्चों को अपने पारिवारिक जीवन के सर्वश्रेष्ठ धन के रूप में स्वीकार करते हैं।
6) वीरा लक्ष्मी - वीरता का प्रतीक:
वीरा लक्ष्मी माता अपने भक्तों को उनके पार्थिव एवं आध्यात्मिक जीवन की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए शक्ति प्रदान करती हैं।
वीरा लक्ष्मी माता को धैर्य लक्ष्मी भी कहा जाता है क्योंकि यह माता अपने भक्तों को जीवन के हर क्षेत्र एवं हर अवस्था में धैर्य बनाये रखने में सहायता करती हैं, और हर समय आशावान एवं सकारात्मक बने रहने के लिए प्रोत्साहित करती रहती हैं।
7) विद्या लक्ष्मी:
विद्या लक्ष्मी माता अपने भक्तों को विद्या अर्जित करने में सहायता करती हैं तथा उन्हें बौद्धिक उन्नति का पथ प्रदर्शित करती हैं।
वे लोग जो आत्मशंका एवं असुरक्षा की भावना से घिरे हों, उन्हें ढृढ़ इच्छाशक्ति एवं अभय प्रदान करती हैं। विशेष रूप से वे, जो पूर्ण निष्ठा से आध्यात्मिक उन्नति करना चाहते हैं, उन्हें माता विद्या लक्ष्मी दिव्य ज्ञान प्रदान करती हैं।
इनकी 4 भुजाएं होती हैं।
8) विजया लक्ष्मी:
विजया लक्ष्मी माता अपने भक्तों को आशा एवं प्रेरणा द्वारा अपने लक्ष्य को अर्जित करने में एवं जीवन के किसी भी परिस्थिति में विजय प्राप्त करने में सहायता करती हैं। लालवस्त्र धारण की हुईं इस माता को 8 हाथों के साथ प्रदर्शित किया जाता है।
यद्यपि माता लक्ष्मी के 8 अलग-अलग रूप है, फिर भी उनका मूलभूत प्रकृति एक स्नेहमयी एवं सुरक्षा प्रदान करने वाली माता की है, जो अपार धन की स्वामिनी हैं। वह अपनी भक्तों की इच्छा पूर्ण तो करती हैं, पर साथ ही उन्हें कठोर-परिश्रमी एवं अपने से कमजोर की सुरक्षा एवं आश्रय प्रदान करने हेतु सक्षम व सशक्त बनने के लिए प्रेरणा देती हैं।
हम माँ के सभी रूपों की पूजा धुप-दीप, फल-फूल, इत्यादि से कर सकते हैं। परन्तु सबसे महत्वपूर्ण है कि माता लक्ष्मी के किसी भी रूप से जुड़ने व उन्हें प्रसन्न करने के लिए हम बस पूरी निष्ठा और सच्चे मन से प्रार्थना करें या ध्यान करें। माता के लिए पार्थिव वस्तुएँ नहीं, बल्कि भक्ति, मन की सच्चाई और विश्वास महत्वपूर्ण है।